Wednesday, March 9, 2011

व्यथा

डूबते..... डुगडुगीबाज
  • एम अफसर खान सागर


बाअदब.... बामुलाहिजा...., होशियार! बादाशाह सलामत के हुक्म से फलां बिन फलां को जिलाबदर किया जा रहा है। फलां को हिदायत दी जाती है कि फरमान जारी होने के चौबीस घन्टे के अन्दर ठीकाना छोड़ वरना.......। एक दौर था जब मुनादी की शक्ल में हर खास व आम के बीच गूंजती सल्तनत की यह हिदायत उस शख्स के लिए पानी में डूब मरने जैसी शर्मिंदगी का बायस हुआ करती थी जिसके नाम की डुगडुगी पिटा करती थी। एक वक्त था कि सामाजिक भर्त्सना से जुड़े दंड का यह तरीका खास चलन में हुआ करता था, जिसके वाहक होते थे डुगडुगीबाज।
मुगलों के दौर में यह चलन पूरे शबाब पर था। छोटी से छोटी और बड़ी से फरमानें सूचना डुगडुगी बजाकर रियाया तक पहुंचायी जाती थीं। डुगडुगी बजाकर ही राजे-रजवाड़ों के सड़कों से गुजरने व इजलासों में आने की सूचनाएं दी जाती थीं। मसलन, होशियार.... खबरदार.....! बादशाह सलामत तशरीफ ला रहे हैं। निजाम बदला तो इन्तजाम भी बदल गया। गुमल दफन हुए अंग्रेज आये। डुगडुगी बजी मगर मकसद बदल गया। इसके बजने का सबब होता कि किस गांव में कौन बगावत पर उतर आया है और उसे क्या सजा मुकर्रर हुई। मुल्क आजाद हुआ, युग बदला और फिर डुगडुगी का इस्तेमाल अपराधियों के खिलाफ होने वाले जिलाबदर व कुर्क जैसे फैसलों की सूचना देने में की जाने लगी। उसके अलावा निजी तौर पर लोग बच्चे व मवेशियों के गायब होने की सूचना के साथ दंकान व सामानों के प्रचार तक में डुगडुगी का प्रयोग करने लगें।
आजादी के मुल्क में विकास का तेज दौर शुरू हुआ। प्रचार व प्रसार के संसाधनों में आधुनिकता आयी। राजा-रवाड़े वक्त के औराक बन गये। दौर गुजरने के साथ ही डुगडुगी पीटने वाले भी नजर अन्दाज कर दिये गये। अमूमन डुगडुगीबाजों का वास्ता गन्दीबस्तियों और गरीब घरों से था मगर ये अच्छे-अच्छों के पानी उतारते फिरते। जैसे-जैसे पुरानी परम्परायें टूंटी वेसे-वैसे ये डुगडुगीबाज टूटते चले गये। किसी समय बनारस की शान और मशहूर व मारूफ डुगडुगीबाज होरी लाल गुमनामी में परलोक सिधार गये। डुगडुगी तो दूर उनके लाश पर फकत आंसू बहाने वाले नहीं मिले। होरी लाल मौके की नजाकत देखकर मुनादी करने में माहि थे। खासकर सामाजिक भर्त्सनो जैसे मामलों में तो उनका अन्दाज-ए-बयां सुनने लायक था। अंग्रजी की इबारतें बड़ी फर्राटा से बोाल करते थें, मगर जिन्दगी के अन्तिम वक्त में इस डुगडुगीबाज को फकत सयाह अन्धेरों के कुछ नसीब नहीं हुआ।
अब गिने-चुने लोग ही डुगडुगी बजाते हैं। अक्सर वही जो 75 के पार हैं। यदा-कदा बिजली ,पानी व पुलिस विभाग को इनकी हाजत आन पड़ती है। या कभी-कभार ग्राम सभा की खुली बैठक के लिए इन्हे मुनादी का जिम्मा दिया जाता है। यही वजह है कि धन्धे में आयी मन्दी के कारण ये लोग इसको बाय-बाय करने में ही अपनी भलाई समझ रहे हैं। वक्त के बदलते मिजाज ने इन डुगडुगीबाजों की जिन्दगी को डगमगा दिया है। गुमनागी व मुफलिसी के स्याह अन्धेरे में डुबने लगे हैं ये।
इधर फिर पुलिस महकमे में अपराधियों की सम्पत्ति जब्त या कुर्क करने की कार्यवाही पर डुगडुगी पीटवाने का प्रचलन शुरू हुआ है, मगर अब डुगडुगीबाजों का टोटा पड़ा है। इसलिए कुछ थानेदार साहबान तो मजदूरों को पकड़कर कनस्टर पिटवा रहे हैं। कहीं-कहीं डुगडुगी की जगह नगाड़ों से काम चलाया जा रहा है। आखिर क्यों पीटे ये डुगडुगी, जब इनके पेट ही न भर पाता हो। कभी भी इन डुगडुगीबाजों को गर्व व सम्मान की जिन्दगी नसीब नहीं हो पायी। हमेशा मुफलिसी ने इन्हे घेरे रक्खा। इनका अब कोई पुरसे हाल नहीं रहा। लग तो ऐसा रहा है कि इन जर्जर काया वाले डुगडुगीबाजों के साथ ही डुगडुगी की प्राचीन कला दफन हो जायेगी। शायद अनकरीब ही खत्म हो जायें ये डुगडुगीबाज और डूब जाये डुगडुगी की आवाज। सचेत रहिए, अगर कहीं दिख जावें ये तो जरूर सुन ले इनकी फरियाद। ये डुगडुगीबाज शायद लगायें ये आवाज, होशियार..., खबरदार...! अब नहीं आयेगा डुगडुगी का अलम्बरदार।
इनके हालात पर कवि नीरज की ये पंक्तियां बरबस ही जेहन में ताजा हो जाती हैं-

मेरे घर खुशी आती तो कैसे आती
उम्र भर साथ रहा दर्द महाजन की तरह।

Tuesday, March 8, 2011

लो मैं आया...

आपके दोस्त एम अफसर खान सागर का नया अवतार....




Friday, March 4, 2011

इतिहास

पर्यटन के नक़्शे से गुम कार्नवालिस
  • एम अफसर खान सागर


कार्नवालिस का मकबरा गाजीपुर।

ब्रिटिश हुकूमत के दौरान लार्ड कार्नवालिस ने जो भूमी बन्दोबस्त, राजस्व व न्याय सुधार किए थे उसी तय लीक पर आज भी अमल बदस्तूर जारी है। ब्रितानीहुकूमत के बेताज बादशाह रहे लार्ड कार्नवालिस जमीन की पैमाइष कराते हुए कनकत्ता, पटना व बबक्सर होते हुए गंगा नदी पार कर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की तहसील मोहम्दाबाद पहुंचे। मोहम्दाबाद के गौसपुर में मलेरीया बुखार के चलते गंगा के तट पर 05 अक्टूबर 1805 को 67 साल की उम्र में इस जांबाज गर्वनर जनरल की मैत हो गयी। जिसके याद में तत्कालीन कलकत्ता ब्रिटिश नागरिकों ने गाजीपुर के गोराबाजार स्थित पी. जी. कालेज के सामने 06 एकड भूमी पर एक भव्य मकबरे का निर्माण कराया।

कार्नवालिस के मकबरे के अन्दर बनी मूर्ति।

ब्रिटिश स्थापत्य कला का उत्कृष्ट नमूना लार्ड कार्नवालिस का मकबरा तकरीबन 19 साल के तवील मुद्दत के बाद बनकर तैयार हुआ। मुख्य मकबरे की बात करें तो भूतल से 3.66 मीटर वृत्ताकार चबूतरे पर विशाल गुम्बदनुम संरचना 12 विशाल पत्थर से बने खंभों पर टिकी ह्रै। धूसर रंग के संगमरमर से बने इस मकबरे के केन्द्र में स्वेत संगमरमर की लार्ड कार्नवालिस की अवाक्ष मुर्ति एक वर्गाकार चौकी पर स्थापित है। इसके चारों तरफ एक ब्राहम्ण, एक मुसलमान, एक यूरोपियन व एक स्थानीय सैनिक मर्माहत मुद्रा में दर्शाया गया है। साथ ही उसपर कमल के फूल, कलियां, पत्तियानें की उत्कृष्ट नक्काशी उकेरी गयी है। चौकी के उत्तरी व दक्षिणी फलक पर क्रमशः उर्दू तथा अंग्रेजी में लार्ड कार्नवालिस की यशगाथा अंकित है। अधोमुखी तोपों से युक्त तथा भाला, तलवार आदि के अंकन से युक्त घेराबन्दी मनमोहक लगती है। कार्नवालिस के मकबरे की देख-भाल की जिम्मेदारी भारती पुरातत्व विभाग पर है। मकबरे की दीदार की खतिर भारतीय पुरातत्व विभाग भारतीय नागरिकों से पांच रूपया व विदेशी सैलानियों से दो यू.एस. डालर वसूल करता है। भारत आजाद हुआ। अंग्रेज वापस आपे मुल्क चले गये। निजाम बदलने के साथ इन्तजाम भी बदला। उचित संरक्षण के आभाव में कार्नवालिस के मकबरे में बदहाली ने अपना साम्राज्य कायम करना शुरू किया। सैलानियों से पियाउ जल छिना, शौचालय, स्नानागार खण्डहर में तब्दील हुए, फिर बैठने के लिए लगाये गये 16 बेंच धराशायी हुए। टिकट बुकिंग काउंटर ढहा उसके बाद कुआं के जगत ने दमतोड़ा। हां, मरणसन्न कुएं का जगत प्रेमियों के लिए आाशियाना जरूर बना। चार माली व तीन परिचर के सहारे चल रहा मकबरे की देख-भाल लावारिश व यतीम बच्चे से कम तो बिल्कुल नहीं है।


उर्दू में लिखा कार्नवालिस की यसगथा।

अब अगर मकबरे की गुम्बद पर गौर फरमायें तो इसमें बरसात का पानी बहुत ही सलीके से रिसता है। गुम्बद की छत पर विलाप करते हुए कबूतर आदि पंछियों ने बीट कर रखा है। मकबरे के अन्दर मधुमक्खीयों का साम्राज्य स्थापित है। मकबरे के भीतरी दीवारों पर प्रमियों ने अपने चाहने वालों के नाम कार्नवालिस के यशगाथा के साथ स्कैच, पेन्ट आदि से अंकित कर रखा है। मकबरे को अपनी निगहबानी में रखे चहारदीवारी भी अब निगहबानी करते-करते थकते नजर आते हैं, सो प्लास्टर के साथ अब ईंट उखड़ने लगे हैं। वो तो गनीमत है कि ब्रितानी हुकूमत के लगाये गये लोहे की छड़ों पर जंग नही लगा है। इस बदहाली की सूरत में लार्ड कार्नवालिस की रूह येह शेर जरूर याद कर रही होगी-

आये थे वो मेरी कब्र पे फातिहा पढ़नें
ले गये उखाड़ के ईंटे वो मेरी कब्र के।



पुरातत्व विभाग के संरक्षण सहायक प्रदीप कुमार त्रिपठी से मकबरे की बदहाली पर एक बार बात हुई थी तो उन्होने बताया कि ‘‘मकबरे की सुन्दरीकरण में अभी बहुत कुछ करना है। बजट के हिसाब से कामों को पूरा किया जाता है। जल्द ही मकबरे को बेहतर रूप दिया जाएगा।’’ लार्ड कार्नवालिस अपने सुधारों के लिए इतिहास में भले ही अमर हो गये हों लेकिन पर्यटन विभाग के भारत गाइड बुक में उनके मकबरे के लिए शायद जगह नहीं है। इससे बड़ी उपेक्षा की बात क्या हो सकती है? जाहिर है ऐसे में ब्रितानी व अन्य मुल्कों के सैलानी अपने इस जांबाज गर्वनर जनरल के मकबरे की जियारत से महरूम रह जाते हैं। जबकि बौद्ध दर्शन की खातिर पर्यटक कूशीनगर, वाराणसी-गाजीपुर मार्ग से ही जाते हैं। मकबरे में कार्यरत एक कर्मचारी ने बताया कि तकरीबन दस साल पहले कार्नवालिस के वंशज मकबरा देखने आये थे। दो घंटा बिताने के बाद हर कर्मचारी को सौ रूपये बतौर बख्शिश दिया और चले गये।


भारतीय पर्यटन के नक्शे से गुम लार्ड कार्नवालिस का मकबरा खुद की बेनूरी मायूस जरूर है मगर इससे होने वाली विदेशी मुद्रा की आमदनी से सरकार भी महरूम है। अगर सरकार व भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग कार्नवालिस के मकबरे का सुन्दरीकरण करा कर पर्यटकों कर खातिर उचित सुविधा मुहैया कराकर इसे भारत गाइड बुक व पर्यटन के नक्शे पर अंकित करा देती है तो इससे विदेशी मुद्रा तो अर्जित होगा ही बल्कि इस जांबाज गर्वनर जनरल के रूह को सुकून मिलेगा। वर्ना कार्नवालिस की रूह हमेशा अल्लमा इकबाल साहब के इस शेर से मुत्मयिन हो जाएगी-

आयी बहार कलियां फूलों की हंस रही हैं
मैं इस अंधेरे घर में किस्मत को रो रहा हूं।

ये शाम मस्तानी...




कुछ ज्यादा नहीं कहना है। बस यूँ ही सोच रहा था कि ....

सुबह
होती है शाम होती है,
ज़िन्दगी यूँ ही तमाम होती है।
दुआओं का तलबगार...
एम अफसर खान सागर

लघुकथा..

मुख पर मुखौटा


ऐ ... रूचिका तेरी वो बीमार हैं। नविता ने कुटिल मुस्कान बिखेरते हुए कहा। वो कौन... साफ-साफ क्यों नहीं बतलाती? अरे वही तेरी लख्ते जिगर, तेरी रोल माडॅल। उनकी बीमारी की खबर ने रूचिका को झकझोर दिया। अपनी बात पूरी करते हुए नवीता ने कहा कि कल शाम जब मैं बाजार से वापस आ रही थी तो वे अपने पति के साथ हास्पिटल में दाखिल हो रहीं थी। वे मतलब डा0 वीणा वर्मा। बेहद तेज समाजशास्त्री। कालेज में अपने विषय पर उनसा पकड़ शायद ही किसी का हो। आदर्शवादी। कल्चरल प्रोग्राम हो या सेमिनार उनकी मौजूदगी के बिना सब बेकार। पिछले साल एन. एस. एस. कैम्प के दौरान ’टूटते संयुक्त परिवार’ विषय पर सम्पन्न वाद-विवाद प्रतियोगिता की वह निर्णायक थीं, जिसमें रूचिका ने अव्वल स्थान पाया था। रूचिका डॉ0 वीणा वर्मा के व्यक्तित्व से इतना प्रभावित हुई की, कब वह उनकी व्यावहारिक शिष्या बन गयी, पता न चला। उसे पूरी तरह याद है कि महिला दिवस पर बतौर मुख्य अतिथि श्रीमती वर्मा ने ’महिला उत्पीड़न’ विषय पर बोलते हुए किस तरह समाज के ठेकेदारों का बखिया उखेड़ा था। हर पहलू पर समान दृष्टिकोण से संयमित लहजे में नारी पर हो रहे अत्याचार पर व्याख्यान प्रस्तुत कियाद। हेज उत्पीड़न, हत्या, बलात्कार, कन्या भ्रूण हत्या, अंग प्रदर्शन व उनके पिछड़ेपन जैसे तमाम पहलूओं पर सूक्ष्म दृष्टिपात किया। महिलाओं की व्यथा व उनकी अन्तर्कथा पर खूब बोलीं। कुछ मामलों में तो उन्होने खुद औरतों को दोषी ठहराया। मसलन कन्या भ्रूण हत्या। नवीता से उनकी बीमारी की खबर पाकर रूचिका उनके घर की जानिब मुखातिब हुई। रास्ते भर ढ़ेर सारी कल्पनाओं के तालाब में हिमखण्डों की माफिक उसके जेहन में तैर रही थीं, उनका व्याख्यान, मृदुस्वभाव, महिलाओं के प्रति तटस्थता आदि। उनके घर पहुंचते ही वह उनका कोमल स्पर्श देगी। उनका हाथ अपने हाथ में लेकर पूछेगी, कैसी हैं मैडम? अगर सर दुःख रहा हो तो सहला दूं। अभी कल्पनाओं का संसार खत्म भी नहीं हुई थी कि डॉ0 वीणा वर्मा का घर आ गया। अचानक रूचिका की तन्द्र टूटी। आहिस्ता से उसने मैडम का कॉलबेल बजाया। ..... कुछ पल के बाद दरवाजा खुला। एक महिला ने अन्दर से झांक कर पूछा.... कौन? जी मैं... मैडम घर पर हैं? अन्दर आइए, मैडम अभी हास्पिटल में ही हैं। क्या हुआ है उनको, सोफे पर बैठते हुए रूचिका ने पूछा? महिता सकुचाते हुए बोली... हुआ क्या है बस, पानी भरा गिलास रूचिका की तरफ बढ़ाते हुए उसने कहा। रूचिका उसकी तरफ सवालिया नजर से देखती रही। अचानक हकीकत उसके जुबान से लरज उठी। उनको पहला लड़का है, अब फिा दिन चढ़ गये थे। सोनोग्राफी में लड़की निकली। और वे सफाई ...। उन्हे इस बार भी बेटा चाहिए था। पूरी बात सुनकर रूचिका के हाथ से गिलास टूट कर रेजा-रेजा हो गया। गिलास टूटने के साथ ही मैडम के आदर्शों के प्रति उसकी श्रद्धा भी चकनाचूर हो गई। आस्था की प्रतिमा यथार्थ से टकराकर बिखर गयी। मुख के भीतर का मुखैटा नुमाया हो गया। बोझिल कदमों से रूचिका ढ़हते खण्डहर की तरह यथार्थ के रेत पर मिटते निशान छोड़ते हुए वापस घर चली आयी।

Tuesday, March 1, 2011

दिल की बात जुबां से...

अर्न्तद्वन्द





र्दद से मेरा रिश्ता
बहुत पुराना है
उतना ही
जितना शरीर का आत्मा से
आत्मा का परमात्मा से
सुबह का शाम से
और दिन का रात्रि से
बहुत चाहता हूं
इसे छिपा दूं
कुछ इस तरह
जैसे था ही नहीं
और है भी तो अपना नहीं
यह उसी का है जिसका
अब सिर्फ एहसास है
नश्वर स्थूल है
सूक्ष्म नहीं
शरीर है आत्मा नहीं
फिर, एहसास!
विस्मरण का
स्मरण है
अन्त का आदि और
अनादि का स्थाईभाव

मैं कौन हूं
नहीं जानता
शायद तुम भी नही
और अन्य कोई भी नहीं
पर जानना तो होगा
अपने को
अपने अस्तित्व को
अपनी इयत्ता को
यह एक जटिल
अर्न्तद्वन्द है
तन का, मन का
और अह्म का।।

मन कभी-कभी अनचाहे अंतर्द्वंद में उलझ जाता है। जहाँ जेहन काफी मजबूर हो जाता है अंतर्द्वंद करने पर...
खुद से, दिल से या फिर अनन्त से। क्या किया जाये... आखिर मन ही तो है। उलझता-सुलझता, डूबता-उतरह, हँसता-रोता चला जाता है अंतर्द्वंद में।
दुआओं में ज़रूर याद रक्खें....
एम अफसर खान सागर

जद्दो-जेहद

बीमार बुनकारी, बदहाल बुनकर


अब कहाँ मुनाफा रहा।

हिन्दुस्तान की कदीमी हथकरघा बुनाई विलुप्त होती जा रही है। जिसकी वजह से विश्व में अपनी खास पहचान रखने वाली बनारसी साड़ी के वजूद पर खतरा मण्डराने लगा है, साथ में इस ताना-बाना के सहारे जिन्दगी गुजर करने वाले बुनकर भी बदहाली, मुफलिसी और बेकारी भरी जिन्दगी गुजारने पर मजबूर हैं। अगर बुनकारी व्यवसाय पर नजर डालें तो मालूम होता है कि एक करघा पर बुनाई की खातिर पूरा-पूरा परिवार 4-6 लोग लगे रहते हैं। चाहे वह करघा पर धागा चढ़ाना हो, नारी भरना हो, धागे पर रंगाई या सुखाई का काम हो या फिर माडी करना हो। हर रोज 8-10 घण्टा मेहनत करने के बाद 10-12 मीटर कपड़ा बुना जाता है जिसकी मजदूरी पांच रूपये मीटर के हिसाब से 50-60 रूपये के बीच होती है। यहां अगर बनारसी साड़ी की बात करे तो एक मीटर तक एक दिन में बुनाई हो पाती है जिसकी मजदूरी 80-100 रूपये है। हफते में पांच दिन व महीने में 20 या 25 दिन काम मिल पाता है वह भी साहूकारों के खपत होने पर। इस तरह एक बुनकर परिवार की कुल सालाना आमदनी लगभग 12 से 18 हजार रूपये के बीच हो पाती है। इसी आमदनी में बुनकरों के पूरे साल का खर्च, बच्चों की परवरिश, पढ़ाई व शादी-विवाह का भी बोझ उठाना पड़ता है। यही खास वजह है कि बुनकरों के बच्चे अच्छी तालीम व तरबियत से महरूम रह जाते हैं, सिर्फ मजहबी शिक्षा या सरकारी पाठशालों में दोपहर का खाना खाकर इनके बच्चे साक्षरों की लिस्ट में अपना नाम दर्ज करवा लेते हैं। उच्च शिक्षा या अच्छे विद्ययालयों में पढ़ने के लिए आमदनी ही बाधा बनती है। जरा विचार करें कि जिस समाज में शिक्षा का आभाव हाक वह कैसे विकास कर पायेगा।

बात अगर उत्तर प्रदेश की करे तो बुनकारी का यहां गरीब मुसलमानों व दलितों का मुख्य पेशा है। हथकरघा निदेशालय की रिपोर्ट मार्च 2009 पर गौर फरमायें तो उत्तर प्रदेश में 1978 कार्यरत हथकरघा समितियां एवं 665348 हथकरघा बुनकर पंजीकृत हैं अब तायदाद ज्यादा हो सकती है। इस तरह व्यक्तिगत बुनकरों को शामिल कर के कहा जा सकता है कि प्रदेश में तकरीबन दस लाख से ज्यादा लोग इस व्यवसाय से जुड़े हैं। बुनकर बाहुल्य क्षेत्रों में बनारस, मउ, गोरखपुर, इलाहाबाद, कानपुर, आजमगढ़, झांसी, अलीगढ़, मुरादाबाद, इटावा, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी आदि जिले प्रमुख हैं। तमाम चिल्लपों के बावजूद बुनकरों की माली हालत जस की तस बनी है। केन्द्र व राज्य सरकार की तरफ से जो भी योजनाएं या मद्द जारी की जाती है हकीकतन वह बुनकर समुदाय के लम्बरदारों तक ही सिमट कर रह जाती है। जिसकी प्रमुख वजह यह है कि सरकारी पालीसी के हिसाब से उन्ही बुनकरों को इमदाद मुहयया कराया जाता है जो किसी पंजीकृत संस्था या नोडल एजेंसी से जुड़े होते हैं। व्यक्तिगत बुनकरों को नाममात्र की सुविधायें उपलब्ध कराई जा रही है। इसी वजह से सरकारी लाभ संस्थाओं के अध्यक्ष हजम कर जाते हैं और डकार तक नहीं लेते। ऐसे हालत में सरकारी योजनाएं अपने मकसद में नाकामयाब हो जाती हैं।


हालात जो न करा दे।

पूरे विश्व में अपनी अग पहचान रखने वाली बनारसी साड़ी धर्म की नगरी की खास पहचान है तो अम्बेडकर नगर के टाण्डा का अराफाती रूमाल या जमदानी वस्त्र, गोरखपुर की बेडसीट या खैराबाद सीतापुर की दरी कालीन, हथकरघा बुनाई की उत्कृष्ट पहचान है। मगर कभी हाथों से बुने जाने वाले कपड़ों का कारोबार अब आधुनिक मशीनों ने ले लिया है, जिसमें पावरलूम व चाइनीज मशीनें भी हैं। बात अगर बनारस की करें तो यहां बनारसी साड़ी के साथ कपड़ों की भी बुनाई की जाती है। मदनपुरा, काशीपुरा, खालिशपुरा, लल्लापुरा, बड़ीबाजार, सोनारपुरा, लोहता, बड़ागांव, रामनगर, पिण्डरा आदि जगहों पर बुनकारी का काम होता है। शमीम अख्तर निवासी खलिशपुरा बताते हैं कि ‘‘एक पटोल साड़ी बनाने में 5-7 दिन लगता है, जिसकी मजदूरी रोजाना के हिसाब से 80-100 रूपये तक आती है। इससे तो महंगाई के इस दौर में परिवार पालना मुश्किल हो जा रहा है। अगर शादी-विवाह पड़ जावे तो कर्जा लेना पड़ता है, बस किसी तरह जी रहे हैं हम लोग। कितनों ने तो बुनकार बन्द कर दिया है।’’ हाजी मुग्नी 80 कहते हैं ‘‘ बुनाई कारोबार माग पर निर्भर है, मन्दी के दौर मे विदेशों में मांग घटी है, जिस वजह से खपत कम हो पा रही है। बिजली व कच्चे माल की किल्लत मत पूछिए। युवाओं का मिजाज बदला है वे अब दूसरे व्यवसाय की तरफ पलायन कर रहे हैं। आप खुद सोच सकते हैं कि पहले जहां बनारस में पांच लाख करघा पर बुनाई का काम होता था, वहीं अब घट कर यह आंकड़ा साठ हजार पर आ गया है।’’ बदलते वक्त ने बनकरों के साथ काफी मजाक किया है, उपर से सरकारी उपेक्षा इस कारोबार के लिए ताबूत की आखीरी कील साबित हुई है।

मेयर बनारस कौशलेन्द्र सिंह।

मेयर बनारस कौशलेन्द्र सिंह कहते हैं ‘‘ बुनकरों की बदहाली के लिऐ मूलभूत सुविधाओं का न मिल पाना व समय के साथ तकनीकी अपग्रेड का न हो पाना प्रमुख कारण है। इसके लिए केन्द्र व राज्य सरकार को प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। जहां तक मेरी बात है तो नगर निगम की तरफ से हर उपलब्ध सुविधा इनको दी जा रही है। अगर सरकारे न चेतीं तो मुल्क की अमूल्य पहचान बनारसी साड़ी को खोने का खतरा है।’’

रोजगार को तलाशती निगाहें।

दौर के हिसाब से बंनकारी के पेशा सिर्फ घाटे का सौदा रह गया है, बेनकरों की माली हातल इतना खराब है कि फांकाकसी तक का नौबत आ गया है। सरकार द्वारा किया गया प्रयास नाकाफी साबित हो रहा है। वजह, सरकारी सुविधाएं सिर्फ चन्द लम्बरदारों और साहूकारों के चहारदीवारी तक सिमट कर रह जाती है। अगर इस हथकरघा दस्तगीरी को जिन्दा रखना है तो सरकार को बुनकरों को काम मुहैया कराने के लिए पुनर्वित्त कार्ययोजना लागू करना होगा जिससे कि प्रदेश के तकरीबन दस लाख बुनकरों की माली हालत सुधर पावे तथा दुबारा हथकरघा व्यवसाय को नई जिन्दगी मिल सके। तभी जाकर बनारसी साड़ी की कदीम पहचान बच सकेगी और सूफी सन्त कबीरदास का ताना-बाना बिखरने से बच पायेगा।


बुनकारी करने वाले चले खाड़ी

काम के मारे बुनकर बेचारे।

कपड़ा इन्सान की अहम जरूरतों में से एक है। मुल्क में कृषि के बाद दूसरे नम्बर पर कपड़ा उद्योग का नाम आता है बावजूद इसके इस दस्तकारी के दस्तकार आज खुद को इससे अलग हो रहे हैं। प्राचीन समय में भारत का मलमल, छींट और रूमाल वगैरह अरब मुल्कों में काफी मकबूल था। बुनाई का काम साधारण करघा डाबी व जैकार्ड व पावरलूम पर होता है। एक वक्त था कि मुल्क के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने मउ शहर को मुल्क का मैनचेस्टर की संज्ञा दी थी मगर हालात अब काफी बदल चुके हैं। बुनकारी व बुनकर दोनों की हालत पस्त हो चुकी है, जिस वजह से इस व्यवसाय से जुड़े लोग पलायन पर मजबूर हैं। नौजवान अब इसमें आना नहीं चाहते सो बोझ बुजूर्गों के कमजोर कन्धों पर है। परम्परागत डिजाइनों में आधुनिक तकनीकी का आभाव, बिजली की मार, फैशन की दौड़ ने बुनकारी या साड़ी व्यवसाय पर काफी विपरीत असर डाला है। यही वजह है कि बुनकारी व्यवसाय से जुड़े लोगों में खाड़ी मुल्कों की ओर पलायन का रूझान बढ़ा है। कारण वहां हुनर न रहने के बावजूद किसी न किसी रूप में रोजगार की गारांटी है, फिर विदेशी मुद्रा भी परिवर्तित हो कर अच्छी खासी रकम बन जाती है। 35 साल के नाजिम का कहना है कि साड़ी के धन्धे में अब कुछ रहा नहीं सो इसे छोड़ कर निकल जाना ही बेहतर है, यही वक्त की नजाकत भी है। यहां पर कुछ हासिल होने वाला भी नहीं है। अब्बू का फरमान है ‘ अब हिहां रहे से त ना कुछ होवे वाल है, सउदिये जाके कुछ होवे वाला है।’ बुनकरों में विदेश जाने का होड मची है। बनारस, मउ, आजमगढ जिलों में पासपोर्ट के लिए युवाओं में काफी जददो जेहद मची है। हर साल इन जिलों में तकरीबन 8-10 हजार लोग पासपोर्ट की खातिर आवेदन कर रहे हैं। आखिर लोग क्यों नहीं पलायन करें, जब पेट भरपाना और मुलभूत जरूरतें पूरा कर पाना जहां मुश्किल हो। यही वजह है कि बनारसी साड़ी और बुनकारी करने वाले खाडी मुल्कों का रूख कर रहे हैं।